CG Fraud Case: कोयला ठेका और महंगी गाड़ी का झांसा, ठग दंपति से पुलिस खंगालेगी करोड़ों की ठगी का हिसाब
ठग दंपति से पुलिस खंगालेगी करोड़ों की ठगी का हिसाब। ()HighLights
- ठग दंपति दीपक और बरखा से होगी आमने-सामने पूछताछ।
- पुलिस खंगालेगी करोड़ों की ठगी के पैसों का पूरा हिसाब।
- बैंक खातों, मकान और बेनामी संपत्तियों की हो रही जांच।
, रायपुर। कारोबारियों को ठेके, जमीन और महंगी गाड़ी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये लेने के आरोपों में घिरे दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा से अब पुलिस केवल शिकायतों की जानकारी नहीं जुटाएगी, बल्कि कथित ठगी की रकम का हिसाब भी खंगालेगी। सबसे बड़ा सवाल यही है कि कारोबारियों से लिए गए रुपये आखिर कहां गए? क्या इन पैसों से संपत्तियां खरीदी गईं, किसी दूसरे कारोबार में निवेश किया गया या फिर रकम रिश्तेदारों और करीबियों के खातों में पहुंचाई गई?
पुलिस बैंक खातों, संपत्ति के दस्तावेजों और निवेश के संभावित ठिकानों की पड़ताल कर रही है। बिलासपुर से प्रोडक्शन वारंट पर रायपुर लाए गए दीपक को तीन दिन की पुलिस रिमांड मिली है। पुलिस उसकी पत्नी बरखा को भी रिमांड पर लेकर दोनों से आमने-सामने पूछताछ करना चाहती है। इसके लिए अदालत में आवेदन लगाया गया है। 19 नवंबर को दीपक की दोबारा पेशी होगी। बरखा से पूछताछ की अनुमति मिलने पर पुलिस दोनों के बयानों का मिलान कर यह जानने की कोशिश करेगी कि रकम लेने, उसे अलग-अलग खातों में पहुंचाने और निवेश करने में किसकी क्या भूमिका रही।
56 लाख के कोयला ठेके से 36 लाख के जमीन सौदे तक
दीपक और बरखा के खिलाफ रायपुर, बिलासपुर, सक्ती और कोरबा में आठ एफआईआर दर्ज होने तथा 11 अन्य शिकायतों की जांच की जानकारी सामने आई है। एक मामले में एसईसीएल में सुरक्षा गार्डों की तैनाती और कोल ट्रांसपोर्टिंग का ठेका दिलाने के नाम पर दो कारोबारियों से 56 लाख रुपये लेने का आरोप है। फार्च्यूनर दिलाने के नाम पर 20 लाख और जमीन व एटमास्फिरिया रेस्टोरेंट के सौदे में करीब 36 लाख रुपये लेने की शिकायतें भी जांच के दायरे में हैं।
यह भी पढ़ें- रीवा के रायपुर कर्चुलियान टोल प्लाजा पर अध्यक्ष की कर्मियों से बहस का Video viral
संपत्ति और निवेश की कड़ियां जोड़ने की तैयारी
पुलिस की पड़ताल में अब यह पता लगाने पर जोर है कि कथित ठगी की रकम किन बैंक खातों में जमा हुई, वहां से किन खातों में भेजी गई और उससे कोई जमीन, मकान, वाहन या दूसरी संपत्ति खरीदी गई या नहीं। बेनामी संपत्ति और दूसरे लोगों के नाम पर किए गए संभावित निवेश की भी जांच की जा सकती है। मोबाइल फोन से मिले फोटो, वीडियो और आडियो की तकनीकी जांच के साथ कथित सहयोगियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
यह भी पढ़ें- रायपुर में घर का कुक ही निकला चोर, जेवर चुराकर ज्वेलर्स को बेचे; CCTV से खुला राज
Leave a Reply