भोपाल से रायपुर आ रहा 1500 किलो पनीर जब्त, एनालॉग होने की आशंका; खाद्य विभाग और पुलिस की कार्रवाई
खैरागढ़ में 1500 किलो पनीर जब्त, HighLights
- खैरागढ़ में 1500 किलो पनीर जब्त
- वालफोर्ट सिटी में होनी थी आपूर्ति
- 30 बॉक्स में भरा गया था पनीर
, रायपुर। भोपाल से रायपुर लाया जा रहा 1500 किलो पनीर खाद्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने खैरागढ़ के पास जब्त किया है। 30 बाक्स में भरे इस पनीर को प्रारंभिक जांच में एनालाग पनीर पाया गया है।
टीम ने पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य विभाग और पुलिस की इस तरह की यह पहली संयुक्त कार्रवाई बताई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, खाद्य विभाग को सूचना मिली थी कि भोपाल के रास्ते बड़ी मात्रा में पनीर रायपुर लाया जा रहा है।
इसके बाद टीम ने पुलिस के साथ मिलकर वाहन की तलाश शुरू की। खैरागढ़ के पास वाहन को रोककर जांच की गई तो उसमें 30 बाक्स में करीब 1500 किलो पनीर मिला।
पूछताछ में सामने आया कि पनीर की खेप रायपुर के भाठागांव स्थित वालफोर्ट सिटी पहुंचाई जानी थी। यह माल निशा जायसवाल के यहां जा रहा था। निशा जायसवाल पूर्व पनीर कारोबारी आशीष जायसवाल की पत्नी हैं।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में मंत्रालय के कर्मचारियों का हल्लाबोल, महंगाई भत्ता और 90 माह के एरियर्स समेत रखीं 11 मांग
ड्राइवर ने बताया शमशाद आलम का माल
वाहन चालक से पूछताछ में पता चला कि पनीर की खेप शमशाद आलम की है। चालक ने यह भी बताया कि वह पहले भी सौरभ शर्मा के आर्डर पर रायपुर में अलग-अलग कारोबारियों और लोगों के यहां पनीर की आपूर्ति करता रहा है।
इनमें प्रकाश देवांगन, प्रकाश लखोटिया, आशीष जायसवाल, आशीष गुप्ता, गोपी चावला और दीवान यादव के नाम सामने आए हैं। चालक के मुताबिक, लंबे समय से इन लोगों के यहां माल पहुंचाया जा रहा था। हालांकि, इस पूरे नेटवर्क और पनीर की गुणवत्ता को लेकर जांच जारी है।
लैब रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य विभाग की टीम ने जब्त पनीर को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में इसे एनालाग पनीर होने की आशंका जताई गई है। लैब रिपोर्ट से ही इसकी गुणवत्ता और वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। विभाग अब यह भी पता लगा रहा है कि खेप कहां से तैयार की गई थी और रायपुर में इसकी आपूर्ति किन-किन लोगों को की जानी थी।
खाद्य अधिकारियों को सूचना मिली थी कि भोपाल के रास्ते बड़ी मात्रा में पनीर की खेप रायपुर लाई जा रही है। टीम ने खैरागढ़ के पास वाहन रुकवाकर उसमें रखे पनीर को जब्त किया है। गाड़ी भाठागांव के वालफोर्ट सिटी जाने की सूचना मिली है। पनीर को जांच के लिए भेजा गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। दीपक अग्रवाल, कंट्रोलर, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग, छत्तीसगढ़यह भी पढ़ें- CG में बिजली उपभोक्ताओं को सख्त चेतावनी, 7 लाख ने नहीं चुकाया बिल; अब 31 दिसंबर के बाद होगी कार्रवाई
Leave a Reply