अब कोहरे में भी नहीं घटेगी ट्रेनों की रफ्तार, रेलवे ने तैनात किए 3657 फॉग सेफ डिवाइस
ट्रेनों में लगाए 3657 फॉग सेफ डिवाइस, HighLights
- कोहरे को लेकर रेलवे का बड़ा कदम
- ट्रेनों में लगाए 3657 फॉग सेफ डिवाइस
- खोंगसरा-भनवारटंक रेलखंड पर उपयोगी
, रायपुर। अब सर्दियों में घना कोहरा ट्रेनों की रफ्तार और सुरक्षित परिचालन में बाधक नहीं बनेगा। इस चुनौती से निपटने के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने अपने तीनों रेल मंडलों में 3657 फॉग सेफ डिवाइस उपलब्ध कराए हैं।
जीपीएस आधारित ये उपकरण लोको पायलटों को आगे आने वाले सिग्नल, रेलवे स्टेशन और लेवल क्रॉसिंग की पहले से जानकारी देते हैं। उपकरण के जरिए अगले तीन निर्धारित सिग्नलों की सूचना लगभग 500 मीटर पहले तक मिल सकती है।
इससे घने कोहरे में भी लोको पायलट सतर्क रहकर निर्धारित परिचालन नियमों के अनुसार ट्रेन चला सकेंगे। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का नेटवर्क मैदानी इलाकों के अलावा जंगलों और पहाड़ी क्षेत्रों से होकर गुजरता है। खोंगसरा और भनवारटंक के आसपास के रेलखंडों में सर्दियों के दौरान घना कोहरा छाने से दृश्यता प्रभावित होती है। ऐसे क्षेत्रों में फॉग सेफ डिवाइस लोको पायलटों को मार्ग की पूर्व सूचना देकर मदद करता है।
ऐसे काम करता है फॉग सेफ डिवाइस
यह उपकरण जीपीएस तकनीक पर आधारित है। इसमें एंटीना के माध्यम से जीपीएस सिग्नल प्राप्त होते हैं, जबकि संबंधित रेलमार्ग की जानकारी पहले से इसकी मेमोरी में दर्ज रहती है। इसमें रेलवे स्टेशन, सिग्नल, मानवित और अमानवित समपार फाटक तथा न्यूट्रल सेक्शन जैसे महत्वपूर्ण स्थानों का विवरण शामिल होता है।
ट्रेन के आगे बढ़ने के साथ उपकरण लोको पायलट को स्क्रीन पर सूचना दिखाता है और ऑडियो अलर्ट भी देता है। इससे कोहरे में सिग्नल दिखाई देने से पहले ही उसके बारे में जानकारी मिल जाती है।
यह भी पढ़ें- भोपाल से रायपुर आ रहा 1500 किलो पनीर जब्त, एनालॉग होने की आशंका; खाद्य विभाग और पुलिस की कार्रवाई
सभी तरह के रेलखंड और इंजनों में उपयोगी
फॉग सेफ डिवाइस का इस्तेमाल सिंगल और डबल लाइन के साथ विद्युतीकृत तथा गैर-विद्युतीकृत रेलखंडों में किया जा सकता है। इलेक्ट्रिक और डीजल इंजन के अलावा ईएमयू, मेमू और डेमू ट्रेनों में भी यह उपयोगी है।
इसमें 18 घंटे का इन-बिल्ट रिचार्जेबल बैटरी बैकअप दिया गया है। आकार में छोटा और वजन में हल्का होने के कारण लोको पायलट इसे आसानी से अपने साथ ले जा सकते हैं और इंजन के कैब डेस्क पर रखकर इस्तेमाल कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- ‘कहां गाओ चिलम तंबाकू को डब्बा’ गाने पर महिला डांसरों संग नाचे भाजपा विधायक, कांग्रेस ने घेरा
Leave a Reply