बिलासपुर में वाशिंग मशीन की सर्विसिंग के नाम पर बैंक अधिकारी से 9.49 लाख की साइबर ठगी
प्रतीकात्मक चित्रHighLights
- गूगल पर मिले फर्जी नंबर पर संपर्क करने के बाद ठगी।
- वाट्सएप पर भेजी एपीके फाइल डाउनलोड करते ही उड़ी रकम।
- 1930 पर शिकायत के बाद रेंज साइबर थाना में केस दर्ज।
, बिलासपुर। वाशिंग मशीन की मरम्मत के लिए कस्टमर केयर नंबर तलाशना बैंक आफ बड़ौदा के अधिकारी को महंगा पड़ गया। साइबर ठग ने सर्विसिंग के नाम पर वाट्सएप से एपीके फाइल भेजकर उनके बैंक खाते से 9 लाख 49 हजार 364 रुपये 43 पैसे निकाल लिए। पीड़ित विपीन किशोर कुजूर बैंक ऑफ बड़ौदा की रहंगी-चकरभाठा शाखा में संयुक्त अभिरक्षक अधिकारी के पद पर पदस्थ हैं।
विपीन के अनुसार, वाशिंग मशीन में खराबी आने पर उन्होंने 1 नवंबर 2026 को गूगल पर सैमसंग कंपनी का कस्टमर केयर नंबर तलाशा। इस दौरान उन्हें मोबाइल नंबर 9330372364 मिला। उस पर संपर्क करने पर सामने वाले व्यक्ति ने वाट्सएप के माध्यम से कस्टमर सपोर्ट के लिए एक एपीके फाइल भेजी और जरूरी जानकारी भरने को कहा। उन्होंने फाइल खोलकर अपना नाम, पता और मोबाइल नंबर दर्ज किया, लेकिन आगे की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई।
यह भी पढ़ें- आयकर विभाग की CG में 50 ठिकानों पर जांच जारी, 14 करोड़ की नगदी और सोने-चांदी के आभूषण जब्त
तीन दिन में कई किस्तों में निकली रकम
इसके बाद उनके मोबाइल पर खाते से पैसे कटने के संदेश आने लगे। 17 नवंबर को बैंक खाता चेक करने पर पता चला कि 13 से 15 नवंबर के बीच यूपीआई के जरिए अलग-अलग किस्तों में कुल 9,49,364.43 रुपये दूसरे बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए गए हैं। एपीके फाइल डाउनलोड करने के बाद मोबाइल में तकनीकी परेशानी भी आने लगी थी।
पीड़ित ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में 1930 पर ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई है। 19 नवंबर को रेंज साइबर थाना में लिखित शिकायत देने पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4), 319(2) और 317(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Leave a Reply