हैदराबाद के पब में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी का झांसा देकर बिलासपुर के कारोबारियों से 3.42 करोड़ की धोखाधड़ी
Demo picHighLights
- हैदराबाद के डियाब्लो पब में हिस्सेदारी के नाम पर 3.42 करोड़ की ठगी।
- प्राशी वेंचर्स एलएलपी में पार्टनर बनाने का झांसा देकर ऐंठी गई रकम।
- बिलासपुर के तारबाहर थाने में दो आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज।
, बिलासपुर। हैदराबाद में रेस्टोरेंट और पब डियाब्लो में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी देने का झांसा देकर बिलासपुर के दो कारोबारियों से करीब 3 करोड़ 42 लाख 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता शिखर सराफ ने जयवीर सिंह सभरवाल और शेषम कौर पर निवेश के नाम पर रकम लेने और बाद में तय हिस्सेदारी नहीं देने का आरोप लगाया है। तारबाहर पुलिस ने दोनों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
शिखर सराफ ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि बिलासपुर में एक कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात शेषम कौर से हुई थी। बातचीत में हैदराबाद में डियाब्लो रेस्टोरेंट और पब का कारोबार शुरू करने की बात सामने आई। इसके बाद जयवीर सिंह सभरवाल और शेषम कौर ने उन्हें और रितेश शाह को कारोबार में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी देने का प्रस्ताव दिया।
आरोप है कि दोनों ने खुद को प्राशी वेंचर्स एलएलपी की ओर से अधिकृत बताते हुए निवेश के लिए समझौता किया। 10 जनवरी 2025 को निवेश संबंधी करार हुआ। इसके बाद शिखर सराफ, रितेश शाह और रितेश के रिश्तेदार सक्षम श्रीवास्तव के माध्यम से अलग-अलग तारीखों में कुल 3.42 करोड़ 50 हजार रुपये आरटीजीएस से प्राशी वेंचर्स एलएलपी के खाते में जमा कराए गए।
न पार्टनर बनाया, न हिसाब दिया
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रकम लेने के बाद भी उन्हें एलएलपी में औपचारिक रूप से पार्टनर नहीं बनाया गया और न ही कारोबार के लाभ, हिसाब-किताब या प्रबंधन में हिस्सेदारी दी गई। बाद में पता चला कि नए पार्टनर को शामिल करने के लिए एलएलपी के मौजूदा सभी पार्टनरों की सहमति जरूरी थी, लेकिन ऐसी सहमति और पुनर्गठन संबंधी दस्तावेज तैयार नहीं किए गए थे।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि कारोबार के वित्तीय रिकॉर्ड और खर्चों का हिसाब मांगने पर जानकारी नहीं दी गई। किराया बकाया होने, वेंडरों के भुगतान और कारोबार बंद होने जैसी समस्याओं का भी पता चला। आरोप है कि निवेश की रकम का इस्तेमाल दूसरे कारोबार में भी किया जा रहा है।
शिखर सराफ ने पुलिस से दोनों आरोपितों के बैंक खातों, लेनदेन, क्यूआर कोड से हुए भुगतान और कारोबारी दस्तावेजों की जांच कर रकम का पता लगाने तथा संबंधित लोगों के बयान दर्ज करने की मांग की । पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
Leave a Reply