बलौदा में RK ज्वेलर्स में बड़ी चोरी: चार लाख के सोने-चांदी के जेवर पार, सीसीटीवी का डीवीआर भी ले गए चोर
मौके पर पहुंचकर विवेचना करते थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा।HighLights
- बलौदा के कोरबा रोड स्थित आरके ज्वेलर्स में चोरी।
- करीब 4 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर गायब।
- चोर सीसीटीवी का डीवीआर और साक्ष्य भी ले उड़े।
न्यूज, बलौदा : नगर के मुख्य मार्ग कोरबा रोड स्थित आरके ज्वेलर्स में अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर करीब चार लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर पार कर दिए। चोरों ने दुकान के मुख्य गेट और अंदर के दरवाजे का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। चोरी के बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी अपने साथ ले गए। ज्वेलर्स संचालक की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना एक और दो नवंबर की दरम्यानी रात की है।
बलौदा के वार्ड क्रमांक सात निवासी नरेंद्र सोनी कोरबा-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर संस्कार ज्वेलर्स के सामने आरके ज्वेलर्स का संचालन करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि एक नवंबर की शाम करीब सात बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात करीब 10 बजे दुकान देखने पहुंचे तो ताला लगा हुआ था।
इसके बाद वापस घर चले गए। दो नवंबर की सुबह करीब 7:30 बजे दुकान की साफ-सफाई करने पहुंचे तो सामने के गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो दुकान के दरवाजे का लॉक भी टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर कांच के बर्तनों में रखे चांदी के बिछिया, चूड़ी, सिंदूर डिब्बे, पायल, चेन, करधन, अंगूठी, कटोरी, चम्मच और गिलास सहित करीब 3 किलो 970 ग्राम चांदी के जेवर गायब मिले।
इसके अलावा 15 ग्राम सोने के टॉप्स, फैंसी बाली और कान छेदने का तार भी चोरी हो गया। चोरी गए जेवरों की कुल कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वायड, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट विद्या जौहर तथा साइबर सेल के रोहित कहरा और शाहबाज खान ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पतासाजी करने के साथ मामले की विवेचना कर रही है।
यह भी पढ़ें- कोरबा में सरकारी कर्मचारियों को जाल में फंसाते थे सूदखोर मामा-भांजे, कई एटीएम-पासबुक जब्त, FIR दर्ज
Leave a Reply