रायपुर में सूने मकान से 7.50 लाख की चोरी, कारा डैम में जान गंवाने वाले बेटे का मिला 4 लाख मुआवजा भी ले गए चोर
रायपुर में सूने मकान से चोरी का मामला। (एआई जनरेटेड)HighLights
- रावांभाठा में सूने मकान का ताला तोड़कर की गई चोरी।
- मृतक बेटे के मुआवजे के चार लाख रुपये भी चोरी।
- सात-आठ तोला सोना और दो किलो चांदी के जेवर पार।
, रायपुर: जिस बेटे को खोने के बाद परिवार को आर्थिक सहायता के रूप में चार लाख रुपये मिले थे, उस रकम को भी चोर नहीं छोड़ सके। राजधानी के रावांभाठा स्थित बंजारी नगर के शुक्रवारी बाजार में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरों ने नकदी और सोने-चांदी के जेवरात समेत करीब 7.50 लाख रुपये का माल पार कर दिया। चोरी गई नकदी में डैम में डूबकर जान गंवाने वाले बेटे की मौत के बाद मिली चार लाख रुपये की सहायता राशि भी शामिल थी। परिवार नवरात्रि पर अपने गांव गया था। 14 दिन बाद लौटने पर चोरी का पता चला।
ये है पूरा मामला
- खमतराई थाना क्षेत्र के शुक्रवारी बाजार बंजारी नगर निवासी हुब्ब लाल गुप्ता का मकान है। मकान के नीचे ही उनकी केशरवानी इलेक्ट्रानिक नाम से दुकान संचालित होती है। यहां वे आलमारी, कूलर सहित इलेक्ट्रानिक सामान बेचने का कारोबार करते हैं। 19 अक्टूबर को दोपहर करीब दो बजे वे परिवार के साथ मकान में ताला लगाकर अपने मूल गांव खटखरी, थाना शाहपुर, जिला मऊगंज (मध्य प्रदेश) चले गए थे।
बेटे की मौत के बाद मिली थी सहायता राशि
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि करीब तीन साल पहले उनका बेटा कारा डैम के पानी में डूब गया था। उसकी मौत के बाद शासन की ओर से परिवार को चार लाख रुपये की सहायता राशि मिली थी। इस रकम को उन्होंने घर में सुरक्षित रखा था। इसके अलावा व्यवसाय की करीब एक लाख रुपये की नकदी भी आलमारी में रखी थी। चोर इन रुपयों के साथ जेवरात भी ले गए।
यह भी पढ़ें- CG में राज्योत्सव के लिए पटवारियों और प्रशासन के बीच टकराव, तूता से हटाए, तो हनुमान मंदिर के दे रहे धरना
मंगलसूत्र, हार और पायल समेत जेवरात पार
चोर करीब सात से आठ तोला सोना और लगभग दो किलो चांदी के जेवरात ले गए। सोने में मंगलसूत्र, मनचली, हार, झुमकी और अंगूठी शामिल हैं। वहीं चांदी में करधन, अधकरधनी, पायल, छागल, बिछिया और बच्चों के जेवर रखे थे। पीड़ित ने चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 7.50 लाख रुपये बताई है।
यह भी पढ़ें- रायपुर में त्योहार से पहले गहराया पेयजल संकट, गुढ़ियारी और भनपुरी समेत कई इलाकों में नलों से निकला मटमैला पानी
Leave a Reply