बलरामपुर जिले को मिली 18.31 करोड़ की बड़ी सौगात, 4 नदियों पर बनेंगे नए पुल, 20 हजार ग्रामीणों का सफर होगा आसान
रामविचार नेतामHighLights
- पिछले 3 वर्षों में 358 करोड़ से बनीं सड़कें।
- ब लरामपुर में 18.31 करोड़ रुपये से बनेंगे चार नए पुल।
- मोरन नदी पर पुल बनने से 15 किमी घटेगी दूरी।
न्यूज, बलरामपुर : जिले में सड़कों के दुरुस्तीकरण का काम तेजी से चल रहा है। बरसात थमते ही मरम्मत और निर्माण कार्य प्राथमिकता के साथ शुरू कर दिया गया है। कृषि मंत्री रामविचार नेताम सड़क एवं अधोसंरचना कार्यों की लगातार निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने उप मुख्यमंत्री अरुण साव से चर्चा कर जिले की सड़कों की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया है।
मंत्री नेताम ने कहा कि कनेक्टिविटी दूरस्थ गांवों के विकास की बुनियाद है, इसलिए सड़क और पुल-पुलियों के कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता में हैं। सड़कों के दुरुस्तीकरण में जनप्रतिनिधियों की भी सक्रिय भागीदारी रहेगी, जो अपने-अपने क्षेत्र में कार्यों का निरीक्षण करेंगे।
जिला प्रशासन भी गड्ढों को भरने और मरम्मत में तेजी ला रहा है। सड़क की चौड़ाई, ढलान और गुणवत्ता की बारीकी से जांच की जा रही है।राष्ट्रीय राजमार्ग 343 के पैकेज-वन के तहत राजपुरीखुर्द से पाढ़ी तक 49 किमी मार्ग का चौड़ीकरण किया जा रहा है। राजपुर के करजी में डामरीकरण तथा जलबासा, चटनिया और कुसमी में बिटुमिन कार्य प्रगति पर है। बरसात में बरियों, बासेन, पस्ता, भकुरा, राजपुर, झींगो, तातापानी और कमलपुर में मार्ग दलदलनुमा हो गया था, जिसका संधारण प्राथमिकता से कराया जा रहा है।
तीन वर्षों में हुए कार्य
पिछले तीन वर्षों में 358.06 करोड़ रुपये की लागत से 15 प्रमुख सड़क कार्य पूरे किए गए हैं, जिनकी कुल लंबाई 238.63 किमी है। अकेले वर्ष 2025-26 में 201.37 करोड़ रुपये से 81.50 किमी सड़कों का निर्माण हुआ।
प्रमुख कार्यों में सीआरएफ योजना के तहत 89.09 करोड़ से राजपुर-प्रतापपुर मार्ग (29.20 किमी), 52.15 करोड़ से जशपुर-आस्ता-कुसमी मार्ग और 33.10 करोड़ से कुसमी-सामरी मार्ग का उन्नयन शामिल है। 38.77 करोड़ से अंबिकापुर-वाड्रफनगर मार्ग (40.40 किमी) और 31.25 करोड़ से राजपुर-कुसमी मार्ग (57.50 किमी) का नवीनीकरण भी पूरा हुआ है।सेतु विभाग ने 24.41 करोड़ से चार उच्चस्तरीय पुल पूरे किए हैं, जिनमें गलफुल्ला, सुखरी पांगन और छोटी पांगन नदी पर पुल शामिल हैं। कृषि विपणन बोर्ड ने 26.95 करोड़ से 115 स्थानों पर सीसी रोड और छह पुलिया बनाई हैं।
चार नए पुल स्वीकृत
कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए 18.31 करोड़ से चार नए पुल स्वीकृत किए गए हैं। ये इरिया, मोरन, सिंदूर और बांकी नदी पर बनेंगे। मोरन नदी पर 5.91 करोड़ से 144 मीटर लंबा पुल बनने से चलगली क्षेत्र के 15 गांवों के 20 हजार लोगों की दूरी 15 किमी कम होगी। बांकी नदी पर 2.56 करोड़ से 60 मीटर पुल बनेगा। दोनों का कार्यादेश जारी हो चुका है और 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
Leave a Reply