छत्तीसगढ़ में क्रिप्टो करेंसी ट्रेडिंग के नाम पर ₹1.80 करोड़ की ठगी, दोगुने रिटर्न का सपना दिखाकर 17 लोगों को बनाया शिकार

अंबिकापुर में दो भाइयों ने क्रिप्टो करेंसी के नाम पर 17 लोगों से की करोड़ों की धोखाधड़ी
HighLights
- निवेशकों से 1.80 करोड़ रुपये से अधिक लिए
- रकम दोगुनी करने का आरोपितों ने दिया झांसा
- पैसा मांगने पर मोबाइल बंद कर हुए फरार
प्रतिनिधि, अंबिकापुर। क्रिप्टो करेंसी ट्रेडिंग में रकम दोगुनी करने और हर महीने कमीशन देने का झांसा देकर 17 लोगों से एक करोड़ 80 लाख रुपये से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। निवेशकों को न तो promised लाभ मिला और न ही मूलधन वापस किया गया। रकम लौटाने के लिए संपर्क करने पर आरोपितों ने मोबाइल बंद कर दिया और परिवार सहित फरार हो गए।
पुलिस जांच के बाद दर्ज हुआ मामला
शिकायतकर्ता प्रभु नारायण निवासी ग्राम आरा, थाना राजपुर, हाल मुकाम शिवधारी कॉलोनी अंबिकापुर ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल के निर्देश पर शिकायत की जांच कराई गई। जांच में आरोपितों को राशि दिए जाने की पुष्टि होने के बाद गांधीनगर थाना पुलिस ने अक्षय लाल टोप्पो और उसके सगे भाई संतोष टोप्पो, दोनों निवासी ग्राम हरगावां घुघरी खुर्द शंकरगढ़, जिला बलरामपुर, के खिलाफ केस दर्ज किया है।
17 लोगों से ली रकम
पुलिस के अनुसार आरोपितों ने अलग-अलग लोगों से नकद, चेक और फोन पे के जरिए 29 दिसंबर 2024 से पांच अगस्त 2025 के बीच रकम ली। इनमें टेनू राम से 1.27 लाख, गवर साय से 40 हजार, पंकज चौधरी से आठ लाख, जुगेश्वर बेक से 6.60 लाख, संजीवन से 3.20 लाख, शिवशंकर बेक से दो लाख और कृपाशंकर बेक से 3.50 लाख रुपये लिए गए।
गोविंद से 13.50 लाख, जंगला मिंज से 2.50 लाख, शिवपाल तिर्की से 13 लाख, दयाशंकर बेक से दो लाख, बसंत कुमार ओगर से 50 लाख, किशोर कलू से पांच लाख, संदीप दास से 40 लाख, गांधी टोप्पो से 4.20 लाख, प्रभु नारायण से 20 लाख 8500 रुपये और भूपेंद्र सिंह से 5.20 लाख रुपये लिए गए।
बीएनएस की धाराओं में अपराध दर्ज
पैसे वापस मांगने पर आरोपित टालमटोल करते रहे। बाद में मोबाइल बंद कर परिवार सहित फरार हो गए। गांधीनगर थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4), 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।