छत्तीसगढ़ में स्टेट GST का बड़ा एक्शन, 1,500 ट्रकों वाले ट्रांसपोर्ट कंपनी के ठिकानों पर छापा, भिलाई-बलौदाबाजार में दी दबिश

हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी (HTC) के डायरेक्टर इंद्रजीत सिंह।
HighLights
- 1,500 से अधिक ट्रकों के कारोबार पर GST की नजर
- भिलाई के बड़े ट्रांसपोर्ट कारोबारी के ठिकानों पर दबिश
- इंद्रजीत सिंह की हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी पर की कार्रवाई
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, रायपुर। राज्य जीएसटी विभाग की टीम ने सोमवार को हेवी ट्रांसपोर्ट कंपनी (एचटीसी) से जुड़े भिलाई और बलौदाबाजार स्थित ठिकानों पर एक साथ दबिश देकर जांच शुरू की। दोपहर करीब तीन से चार बजे के बीच हैवी इंडस्ट्रियल एरिया के हथखोज स्थित इंद्रजीत सिंह छोटू हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी के परिसर पहुंची टीम ने कार्यालय, गोदाम समेत विभिन्न परिसरों में कारोबारी दस्तावेजों की देर रात तक पड़ताल की। यह कार्रवाई स्टेट जीएसटी दुर्ग की टीम ने संयुक्त आयुक्त गुलापा पुरसेठ के निर्देश पर की है।
जीएसटी अधिकारियों की टीम परिवहन कारोबार से संबंधित बिल, टैक्स इनवायस, ई-वे बिल, वाहनों के संचालन, भुगतान और लेखा दस्तावेजों की जांच कर रही है। एचटीसी के परिवहन कारोबार में 1,500 से अधिक ट्रकों का उल्लेख मिलता है। इसे देखते हुए टीम वाहनों की आवाजाही, बिलिंग और ई-वे बिल में दर्ज जानकारी का आपस में मिलान कर रही है।
जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति
अधिकारियों की कार्रवाई के दौरान कारोबारी रिकार्ड और अन्य दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है। फिलहाल राज्य जीएसटी विभाग ने कर चोरी या किसी अन्य अनियमितता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई के आधार और इसमें सामने आए तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। कार्रवाई की खबर से ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े लोगों में भी हलचल है। विभागीय टीम की जांच पूरी होने और रिपोर्ट सामने आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- जांजगीर डीईओ कार्यालय में बड़ा फर्जीवाड़ा, टीसी पर फर्जी हस्ताक्षर करने वाले दो कर्मचारी निलंबित
कई संस्थाओं में संभाल रहे निदेशक और अध्यक्ष की जिम्मेदारी
ट्रांसपोर्ट कारोबारी इंद्रजीत सिंह छोटू व्यावसायिक गतिविधियों के साथ सामाजिक और खेल संगठनों में भी सक्रिय हैं। जानकारी के अनुसार, वे कई संस्थाओं में निदेशक और अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वे हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी (एचटीसी) और एसबीएस हॉस्पिटल भिलाई में निदेशक हैं।
इसके अलावा भिलाई ट्रक ट्रेलर ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन, यूथ सिख सेवा समिति भिलाई, सर्व समाज कल्याण समिति तथा न्यू गतका स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष हैं। सामाजिक सरोकारों और खेल गतिविधियों से जुड़े संगठनों में उनकी भूमिका के चलते भिलाई में उनकी पहचान कारोबारी के साथ सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में भी है।