रायपुर में सरकारी नौकरी का झांसा, 3 लोगों से 3.78 लाख ठगे; मंत्री-अफसरों से पहचान बताकर रचा जाल
रायपुर में सरकारी नौकरी का झांसा। (एआई जनरेटेड)HighLights
- आरोपी ने मंत्री और अधिकारियों से पहचान बताकर नौकरी का झांसा दिया।
- परमेश्वर से नौकरी के नाम पर 2.30 लाख रुपये लिए।
- परमेश्वर ने कवर्धा तहसील कार्यालय में चार महीने काम किया।
, रायपुर: शासकीय नौकरी लगवाने का झांसा देकर तीन लोगों से 3.78 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। टिकरापारा थाना क्षेत्र के छत्तीसगढ़ नगर निवासी टेलर धन्नू राम ध्रुव की शिकायत पर पुलिस ने प्रमोद केशरवानी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
आरोपित ने खुद को मंत्री और अधिकारियों से अच्छी पहचान वाला बताकर नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया था। शिकायत के अनुसार उसने एक युवक को कवर्धा के तहसील कार्यालय में करीब चार माह काम भी कराया, लेकिन बाद में उसका वेतन नहीं दिलाया। रकम लेने के बाद आरोपित ने मोबाइल बंद कर दिया और संपर्क से बाहर हो गया।
धन्नू राम ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2023 में प्रमोद केशरवानी उनके घर के पास किराये से रहता था। वह अक्सर अधिकारियों के साथ आने-जाने की बात बताता था। इसी दौरान छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व विभाग में भर्ती की जानकारी देते हुए उसने शासकीय नौकरी लगवाने का दावा किया। धन्नू राम को उसकी बातों पर भरोसा हो गया।
राजस्व विभाग में नौकरी का दिया झांसा
- धन्नू राम के अनुसार उनके साढ़ू के भांजे परमेश्वर मरकाम को नौकरी की जरूरत थी। इसकी जानकारी प्रमोद को दी गई तो उसने परमेश्वर के शैक्षणिक दस्तावेज मंगवाए और नौकरी लगवाने के लिए 2.50 लाख रुपये खर्च होने की बात कही। इसके बाद परमेश्वर के परिवार की ओर से 20 हजार रुपये फोन-पे के माध्यम से प्रमोद के खाते में भेजे गए। बाद में 30 सितंबर 2023 को छत्तीसगढ़ नगर में 2.10 लाख रुपये नकद दिए गए।
दो अन्य रिश्तेदारों से भी लिए एक-एक लाख
- धन्नू राम ने बताया कि प्रमोद की बातों पर विश्वास करके उन्होंने अपने दो भांजों मिथुन मरकाम और अमित छेदाईया की शराब दुकान में सेल्समैन की नौकरी लगवाने के लिए भी 50-50 हजार रुपये, कुल एक लाख रुपये नकद दिए। रकम लेने के बाद प्रमोद दोनों की नौकरी लगवाने का आश्वासन देता रहा, लेकिन नौकरी नहीं लगवाई।
- इसके बाद जब धन्नू राम और उनके रिश्तेदारों ने प्रमोद से संपर्क करने का प्रयास किया तो उसका मोबाइल बंद मिला। काफी प्रयास के बाद भी संपर्क नहीं होने पर धन्नू राम ने थाने में शिकायत की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपित से जुड़े दस्तावेज, पैसों के लेन-देन और नौकरी लगवाने के नाम पर किए गए संपर्क की जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ें- रायुपर में कोर्ट से बेटे की दुर्घटना मुआवजा राशि लेकर निकली महिला, ऑटो रिक्शा में 1.60 लाख रुपये हो गए चोरी
Leave a Reply