रायुपर में कोर्ट से बेटे की दुर्घटना मुआवजा राशि लेकर निकली महिला, ऑटो रिक्शा में 1.60 लाख रुपये हो गए चोरी
ऑटो रिक्शा में बैठे-बैठे चोरी हो गए बैग में रखे रुपये।HighLights
- बैंक से नकद रकम निकालने के बाद निकली थी महिला
- मल्टीलेवल पार्किंग से फाफाडीह और वहां से भनपुरी पहुंची
- इसी दौरान उनके बैग के अंदर से रुपये गायब हो गए
, रायपुर। कबीरधाम जिले के ग्राम महाराजपुर से अपने बेटे की दुर्घटना मृत्यु की मुआवजा राशि लेने रायपुर आई महिला के पर्स से 1.60 लाख रुपये चोरी हो गए। महिला ने न्यायालय परिसर स्थित पीएनबी बैंक से रकम निकालने के बाद पति के साथ ऑटो रिक्शा से सफर किया।
फाफाडीह चौक से दूसरे ऑटो में बैठकर भनपुरी चौक पहुंचने के बाद जब उसने पर्स देखा तो उसमें रखी पूरी रकम गायब थी। महिला की शिकायत पर सिविल लाइंस पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(बी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार कबीरधाम जिले के ग्राम महाराजपुर निवासी ममता तिवारी स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत हैं। उनके बेटे की दुर्घटना में मृत्यु हुई थी। इसी मामले की राशि लेने के लिए वह 10 सितंबर को अपने पति खेदन तिवारी के साथ रायपुर न्यायालय आई थीं। न्यायालय का काम पूरा होने के बाद उन्होंने न्यायालय परिसर में स्थित पंजाब नेशनल बैंक से 1.60 लाख रुपये नकद निकाले।
ऑटो बदलने के बाद हुआ रकम गायब होने का पता
बैंक से रकम निकालने के बाद शाम करीब चार बजे ममता अपने पति के साथ मल्टीलेवल पार्किंग स्थित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा के पास पहुंचीं। वहां से दोनों ऑटो ई-रिक्शा में बैठकर फाफाडीह चौक गए। इसके बाद फाफाडीह से दूसरे ऑटो में सवार होकर भनपुरी चौक पहुंचे।
भनपुरी पहुंचने पर महिला ने अपने पर्स की जांच की तो उसमें रखी 1.60 लाख रुपये की नकदी गायब मिली। महिला ने तत्काल अपने पति और अधिवक्ता निरंजन साहू को इसकी जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने आशंका जताई कि आटो में सफर के दौरान किसी अज्ञात चोर ने पर्स से रकम निकाल ली।
ऑटो रिक्शा और रास्ते के सीसीटीवी खंगालेगी पुलिस
पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(बी) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब महिला के बैंक से रकम निकालने के बाद जिन-जिन स्थानों से गुजरने और जिन आटो में सवार होने की जानकारी सामने आई है, वहां के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की तैयारी कर रही है। साथ ही ऑटो ड्राइवरों और रास्ते में महिला के आसपास मौजूद लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि रकम निकालने के बाद महिला का पीछा कर किसी ने मौका देखकर पर्स से नकदी पार की होगी।
Leave a Reply