छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू का बढ़ा संक्रमण, 24 नए मरीज मिले; एक्टिव केस पहुंचे 108 पर
छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू का संक्रमण बढ़ा। (फाइल फोटो)HighLights
- छत्तीसगढ़ में मंगलवार को स्वाइन फ्लू के 24 मरीज मिले
- प्रदेश में सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 108 पहुंची
- रायपुर में सबसे अधिक 38 सक्रिय मरीजों का हो रहा इलाज
, रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू (एच1एन1) का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ताजा रिपोर्ट में 24 नए मरीज मिले हैं। इसके साथ ही प्रदेश में सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 108 हो गई है। इनमें 87 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं, जबकि 21 मरीजों का उपचार घर पर चल रहा है। जनवरी से अब तक प्रदेश में 454 मरीज संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें दूसरे राज्यों के 12 मरीज भी शामिल हैं।
रायपुर संक्रमण के मामले में सबसे आगे है। यहां मंगलवार को आठ नए मरीज मिले। इसके अलावा राजनांदगांव में छह, बिलासपुर में पांच, रायगढ़ में तीन तथा बालोद और जशपुर में एक-एक मरीज की पुष्टि हुई है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग ने 52 नमूनों की जांच की, जिनमें 24 की रिपोर्ट पाजिटिव आई।
रायपुर में 38 सक्रिय मरीज
- राजधानी में वर्तमान में 38 सक्रिय मरीज हैं। इनमें 36 अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि दो मरीज घर पर उपचार ले रहे हैं। बिलासपुर और राजनांदगांव में 10-10 सक्रिय मरीज हैं। बिलासपुर में पांच अस्पताल में भर्ती और पांच होम आइसोलेशन में हैं।
- राजनांदगांव में छह अस्पताल और चार घर पर उपचार ले रहे हैं। कोरबा में आठों मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। दुर्ग में सात सक्रिय मरीजों में छह अस्पताल में हैं। महासमुंद में सात में पांच और बालोद में पांच में चार मरीज अस्पताल में भर्ती हैं।
लक्षण दिखने पर जांच कराने की सलाह
स्वास्थ्य विभाग ने तेज बुखार, गले में खराश, लगातार खांसी और सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण होने पर स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की सलाह दी है। भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क लगाने और बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा नहीं लेने की अपील की गई है।
यह भी पढ़ें- दुर्ग में 6 साल की मासूम से दुष्कर्म और हत्या के दोषी चाचा को फांसी की सजा, कन्या भोज से गायब हुई थी बच्ची
Leave a Reply