
बिलासपुर. भारतीय रेलवे में यात्रियों की सुरक्षा को दरकिनार कर नियमों की धज्जियां उड़ाने का गंभीर मामला सामने आया है. सांतरागाछी-पोरबंदर (12950) कवि गुरु सुपरफास्ट एक्सप्रेस की पेंट्रीकार में अनधिकृत रूप से कमर्शियल गैस सिलेंडर का इस्तेमाल कर खाना तैयार किया जा रहा था. सुरक्षा जांच के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने मौके से दो सिलेंडर बरामद कर बड़ी अनहोनी को टाल दिया.
यह घटना चांपा से बिलासपुर रेल खंड के बीच की है, जहां RPF की टीम विशेष सुरक्षा अभियान चला रही थी. दोपहर के वक्त जब टीम ने ट्रेन की पेंट्रीकार का निरीक्षण किया, तो वहां खुलेआम सिलेंडर पर खाना पकता मिला. इतना ही नहीं, तलाशी लेने पर एक और भरा हुआ कमर्शियल सिलेंडर छिपाकर रखा पाया गया.
मैनेजर गिरफ्तार, दर्ज हुआ केस
मामले में पेंट्रीकार के मैनेजर मोहम्मद फैयाज (निवासी हावड़ा, पश्चिम बंगाल) को हिरासत में लिया गया है. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि यात्रियों को जल्दी खाना देने और अपनी सुविधा के लिए वह बिना किसी अनुमति के सिलेंडर का उपयोग कर रहा था. इस पेंट्रीकार के संचालन का ठेका एमएस अंबुज होटल रियल स्टेट प्राइवेट लिमिटेड के पास है.
RPF ने दोनों सिलेंडरों को जब्त कर आरोपी के खिलाफ रेल अधिनियम की धारा 153 (यात्रियों की सुरक्षा को खतरे में डालना) और 164 (ज्वलंत सामग्री ले जाना) के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
Leave a Reply