📅 Saturday, 7 November 2026 | विश्वसनीय और निष्पक्ष समाचार
ब्रेकिंग न्यूज़

दीपावली पर बिलासपुर सिम्स में इमरजेंसी व्यवस्था मजबूत, डॉक्टरों की टीम रहेगी तैनात; ICU और एंबुलेंस भी अलर्ट

शेयर करें: 💬 WhatsApp f 𝕏 ✈️
दीपावली पर बिलासपुर सिम्स में इमरजेंसी व्यवस्था मजबूत, डॉक्टरों की टीम रहेगी तैनात; ICU और एंबुलेंस भी अलर्ट

image

बिलासपुर। दीपावली के दौरान पटाखों और आतिशबाजी से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को देखते हुए बिलासपुर के छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (SIMS) ने विशेष चिकित्सा तैयारियां की हैं। त्योहार के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्पताल में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम को तैयार रखा जाएगा। इसके साथ ही ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू, जरूरी दवाइयों और एंबुलेंस की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है।

जलने और हाथों में चोट लगने पर मिलेगी तत्काल सुविधा

दीपावली के दौरान पटाखे फोड़ते समय हाथ, हथेली, उंगलियों और चेहरे पर जलने की घटनाएं सामने आती हैं। ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए सिम्स के त्वचा रोग और सर्जरी विभाग में उपचार की व्यवस्था रहेगी। पटाखों के विस्फोट से गंभीर चोट लगने वाले मरीजों को भी तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

आंखों में चिंगारी जाने पर नेत्र विशेषज्ञ करेंगे इलाज

आतिशबाजी के दौरान पटाखों के कण और चिंगारी आंखों में जाने से कॉर्निया को नुकसान, जलन और सूजन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। गंभीर मामलों में आंखों की रोशनी पर भी असर पड़ने का खतरा रहता है। ऐसे मरीजों के उपचार के लिए नेत्र रोग विभाग को तैयार रखा गया है।

चिकित्सकों की सलाह है कि आंख में चिंगारी या कोई कण जाने पर उसे रगड़ना या दबाना नहीं चाहिए। ऐसी स्थिति में जल्द से जल्द नेत्र विशेषज्ञ से संपर्क करना जरूरी है।

धुएं और तेज आवाज से होने वाली समस्याओं का भी इलाज

पटाखों से निकलने वाला धुआं सांस संबंधी परेशानियां बढ़ा सकता है। खासकर अस्थमा और एलर्जी से प्रभावित लोगों को खांसी, सांस लेने में तकलीफ और अन्य समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे मरीजों के लिए मेडिसिन विभाग में उपचार की व्यवस्था रहेगी।

वहीं, तेज आवाज वाले पटाखों के कारण कानों में दर्द, घंटी बजने जैसी आवाज और सुनने की क्षमता प्रभावित होने की स्थिति में ईएनटी विभाग के विशेषज्ञ उपचार करेंगे। विस्फोट के कारण हड्डियों और जोड़ों में चोट लगने पर अस्थि रोग विभाग की सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी।

ICU, ऑपरेशन थिएटर और एंबुलेंस भी तैयार

गंभीर रूप से घायल मरीजों को तत्काल उपचार देने के लिए सिम्स प्रबंधन ने आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की है। अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू, जीवनरक्षक उपकरण, जरूरी दवाइयां और ब्लड की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। जरूरत पड़ने पर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए स्टाफ सहित एंबुलेंस भी उपलब्ध रहेगी।

सिम्स प्रबंधन ने लोगों से की सुरक्षित दीपावली मनाने की अपील

सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि दीपावली खुशियों और रोशनी का पर्व है, लेकिन उत्सव के दौरान सुरक्षा का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से पटाखे सावधानी से जलाने और बच्चों को अकेले आतिशबाजी नहीं करने देने की अपील की। किसी भी दुर्घटना की स्थिति में घरेलू उपचार में समय गंवाने के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचने की सलाह दी।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने बताया कि त्योहार के दौरान आकस्मिक मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए जरूरी चिकित्सा संसाधनों, एंबुलेंस, ऑपरेशन थिएटर और आईसीयू की व्यवस्था तैयार रखी गई है।

इमरजेंसी में इस नंबर पर करें संपर्क

सिम्स प्रबंधन ने नागरिकों से खुले और सुरक्षित स्थान पर पटाखे जलाने, ज्वलनशील पदार्थों से दूरी रखने और बच्चों की निगरानी करने की अपील की है।

सिम्स इमरजेंसी हेल्पलाइन: 07752-222301

किसी भी आपातकालीन स्थिति में इस नंबर पर संपर्क कर चिकित्सा सहायता ली जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *