दुर्ग के 4 निकायों में BJP की बड़ी तैयारी, स्मृति ईरानी ने विजय शर्मा और गजेंद्र यादव को दिया टास्क
दुर्ग के 4 निकायों में BJP की बड़ी तैयारी। ()HighLights
- निकाय चुनाव में जीत के लिए स्मृति ईरानी सक्रिय।
- भिलाई, रिसाली, चरोदा, जामुल पर भाजपा का विशेष फोकस।
- मंत्रियों विजय शर्मा और गजेंद्र यादव को दिए निर्देश।
, भिलाई : नगरीय निकाय चुनाव में जीत को लेकर भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रभारी स्मृति इरानी बेहद गंभीर नजर आ रही हैं। दुर्ग जिले के चार प्रमुख नगरीय निकायों में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने अभी से चुनावी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है।
पार्टी के भीतर से मिल रही जानकारी के अनुसार, प्रदेश प्रभारी ने साफ संकेत दिए हैं कि भिलाई नगर निगम, रिसाली नगर निगम, भिलाई-चरोदा नगर निगम और जामुल नगर पालिका में भाजपा को हर हाल में बेहतर प्रदर्शन करना होगा। इसके लिए संगठन के साथ सरकार के जिम्मेदार मंत्रियों की भूमिका भी महत्वपूर्ण होगी।
विजय शर्मा और गजेंद्र यादव को समन्वय बनाने की दी नसीहत
- बताया जा रहा है कि इसी रणनीति के तहत स्मृति इरानी ने दुर्ग जिले के प्रभारी मंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा तथा दुर्ग शहर के विधायक और शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव को बुलाकर संयुक्त बैठक की। बैठक में दोनों मंत्रियों के बीच बेहतर तालमेल और चुनावी समन्वय को लेकर विशेष रूप से चर्चा हुई।
- प्रदेश प्रभारी का जोर इस बात पर रहा कि चुनाव के दौरान किसी प्रकार का आपसी मतभेद या संवादहीनता सामने नहीं आनी चाहिए। दोनों मंत्री एक-दूसरे के साथ समन्वय बनाकर संगठन की चुनावी तैयारियों को गति दें।
मंत्रियों को केवल बैठकों तक सीमित नहीं रहने की हिदायत
- बैठक में स्मृति इरानी ने मंत्रियों को चुनावी तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए हैं। उन्हें कहा गया है कि वे केवल प्रशासनिक और राजनीतिक बैठकों तक सीमित न रहें, बल्कि लगातार कार्यकर्ताओं, मंडल पदाधिकारियों, पार्षदों और स्थानीय नेताओं के साथ संवाद करें।
जनता के बीच पहुंचने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया अपनाने पर जोर
प्रदेश प्रभारी ने मंत्रियों और संगठन के नेताओं को जनता के बीच लगातार पहुंचने की नसीहत दी है। सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को लेकर आम लोगों से सीधा संवाद स्थापित करने की रणनीति पर काम करने को कहा गया है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि चुनाव में लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए जनता का विश्वास जीतना प्राथमिकता होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें- रीवा के रायपुर कर्चुलियान टोल प्लाजा पर अध्यक्ष की कर्मियों से बहस का Video viral
चार निकायों का चुनाव बनेगा भाजपा की प्रतिष्ठा का सवाल
दुर्ग जिले के चारों नगरीय निकाय राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। भिलाई और रिसाली जैसे बड़े नगर निगमों के साथ भिलाई-चरोदा और जामुल में भी मुकाबला दिलचस्प होने की संभावना है। इन निकायों में जीत का असर जिले की राजनीतिक स्थिति और संगठन की मजबूती पर भी पड़ेगा।
Leave a Reply