बिलासपुर में बाइक चालान का फर्जी मैसेज भेजकर मोबाइल हैक, खाते से 96,786 रुपये पार
Demo pic AiHighLights
- बिलासपुर में फर्जी वाहन चालान भेजकर साइबर ठगी का मामला सामने आया।
- जल संसाधन विभाग के कर्मचारी के खाते से 96,786 रुपये निकाले गए।
- तोरवा पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर अपराधियों की तलाश शुरू की।
, बिलासपुर। साइबर ठग अब वाहन चालान के नाम पर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। तोरवा थाना क्षेत्र के देवरीखुर्द निवासी जल संसाधन विभाग के कर्मचारी के मोबाइल पर बाइक चालान का फर्जी मैसेज भेजकर साइबर ठगी की गई। मैसेज खोलते ही उनका मोबाइल हैक हो गया और कुछ समय बाद उनके बैंक खाते व क्रेडिट कार्ड से कुल 96,786 रुपये निकाल लिए गए।
तोरवा टीआइ विवेक पांडेय ने बताया कि देवरीखुर्द निवासी सौरभ पटेल(35) जल संसाधन विभाग के कर्मचारी हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 22 अप्रैल 2026 की शाम करीब 6:30 बजे वह देवरीखुर्द के गदा चौक के पास खड़े थे। इसी दौरान उनके वाट्सएप पर वाहन चालान होने का मैसेज आया।
उन्होंने जैसे ही मैसेज खोला, उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद अज्ञात व्यक्ति ने उनके एक्सिस बैंक के बचत खाते से पांच हजार रुपये और क्रेडिट कार्ड से 91,786 रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने तत्काल साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। अब 16 नवंबर को तोरवा थाने में लिखित शिकायत की। पुलिस ने धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
फर्जी चालान मैसेज से रहें सावधान
साइबर ठग परिवहन विभाग या यातायात पुलिस के नाम से फर्जी चालान के मैसेज भेजते हैं। इनमें लिंक या एपीके फाइल देकर लोगों को क्लिक करने के लिए उकसाया जाता है। लिंक खोलने या अनजान फाइल डाउनलोड करने से मोबाइल का नियंत्रण ठगों के हाथ में जा सकता है। ऐसे मैसेज की सत्यता केवल सरकारी परिवहन पोर्टल पर जांचें। वाट्सएप पर आए चालान संबंधी संदिग्ध लिंक पर भरोसा न करें।
ऐसे बचें ठगी से
- अनजान नंबर से आए चालान लिंक पर क्लिक न करें।
- वाट्सएप पर भेजी गई एपीके फाइल डाउनलोड न करें।
- चालान की जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर जांचें।
- मोबाइल में अनजान एप इंस्टाल न करें और किसी को स्क्रीन शेयरिंग की अनुमति न दें।
- बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड के लेन-देन पर अलर्ट चालू रखें।
- ठगी होने पर तत्काल साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में पड़ोसी ने खरपतवार नाशक डालकर बर्बाद की 70 डिसमिल धान की फसल, मुआवजे के लिए भटक रहा बुजुर्ग
Leave a Reply