
रायपुर. चेहरे का रंग निखारने और कुछ ही दिनों में गोरा बनाने का दावा करने वाली प्रतिबंधित पाकिस्तानी कॉस्मेटिक क्रीम की बिक्री का मामला छत्तीसगढ़ की राजधानी में सामने आया है. खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने गोल बाजार स्थित एक ब्यूटी सेंटर पर छापा मारकर 236 डिब्बे संदिग्ध क्रीम जब्त किए हैं. जब्त उत्पादों की अनुमानित कीमत करीब 1.25 लाख रुपये बताई गई है.
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों को पाकिस्तान में निर्मित लेबल वाली दो तरह की क्रीम मिलीं. इनमें 218 डिब्बे गोरी ब्यूटी क्रीम और 18 डिब्बे चांदनी व्हाइटनिंग क्रीम के शामिल हैं. विभाग ने बरामद गोरी क्रीम के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं.
गोल बाजार की दुकान पर विभाग की कार्रवाई
अधिकारियों को सूचना मिली थी कि गोल बाजार क्षेत्र में प्रतिबंधित विदेशी सौंदर्य प्रसाधनों की बिक्री की जा रही है. इसके बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने ओम ब्यूटी सेंटर में जांच की. तलाशी के दौरान बड़ी संख्या में पाकिस्तानी क्रीम का स्टॉक मिला, जिसे जब्त कर लिया गया.
कार्रवाई के दौरान आसपास की अन्य दुकानों की भी जांच की गई, हालांकि वहां इन उत्पादों का भंडार नहीं मिला. अब विभाग जब्त क्रीम के स्रोत और इनके कारोबार से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रहा है.
प्रतिबंध के बावजूद बाजार तक कैसे पहुंचा स्टॉक?
पाकिस्तान से आने वाले उत्पादों की बिक्री और आयात पर केंद्र सरकार ने 2 मई 2025 को प्रतिबंध संबंधी अधिसूचना जारी की थी. इसके बावजूद रायपुर के बाजार में इन क्रीमों की उपलब्धता ने इनके वितरण नेटवर्क को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
बताया जा रहा है कि बाजार में इन उत्पादों की कीमत 300 से 550 रुपये के बीच रखी जाती थी. विभाग को आशंका है कि स्थानीय स्तर पर थोक में माल मंगाकर अलग-अलग दुकानों तक पहुंचाया जा रहा था. इस संभावित नेटवर्क की जांच की जा रही है.
केंद्रीय एजेंसी भी जारी कर चुकी है चेतावनी
गोरी और चांदनी क्रीम को लेकर केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) की ओर से भी चेतावनी जारी किए जाने की जानकारी सामने आई है. वहीं, न्यूजीलैंड की दवा नियामक संस्था मेडसेफ और महाराष्ट्र FDA की जांच में इन उत्पादों के नमूनों में पारा (Mercury) और सीसा (Lead) जैसी भारी धातुओं की मौजूदगी को लेकर गंभीर चिंताएं जताई गई थीं.
त्वचा के रास्ते शरीर में पहुंच सकता है जहरीला पारा
विशेषज्ञों के मुताबिक, मरकरी युक्त त्वचा संबंधी उत्पादों का लंबे समय तक इस्तेमाल स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है. त्वचा के संपर्क से शरीर में पहुंचने वाला पारा किडनी और तंत्रिका तंत्र को नुकसान पहुंचा सकता है. इसके प्रभाव से हाथ-पैरों में झनझनाहट, कमजोरी और अन्य न्यूरोलॉजिकल समस्याएं हो सकती हैं.
ऐसे में बिना प्रमाणित गुणवत्ता और सुरक्षा जानकारी वाले व्हाइटनिंग उत्पादों से बचना जरूरी है. रायपुर में हुई इस कार्रवाई के बाद अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि प्रतिबंधित क्रीम शहर के बाजार तक किस रास्ते से पहुंचीं और इनके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं.
Leave a Reply