
रायपुर. छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया शुरू होते ही प्रदेशभर में गतिविधियां तेज हो गई हैं. राज्य सरकार की ओर से बनाए गए 3100 उपार्जन केंद्रों में से 2030 केंद्रों पर धान की खरीद शुरू हो चुकी है. शुरुआती दो दिनों में ही किसानों से 5.64 लाख क्विंटल से अधिक धान खरीदा जा चुका है.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 16 नवंबर को बिलासपुर जिले के सेन्द्री स्थित धान उपार्जन केंद्र पहुंचकर खरीदी अभियान का शुभारंभ किया. इससे पहले 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ से प्रदेशव्यापी धान खरीदी की शुरुआत की गई थी.
2030 केंद्रों पर शुरू हुई धान की खरीद
राज्य में इस खरीफ सीजन के लिए कुल 3100 धान उपार्जन केंद्र तैयार किए गए हैं. उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 2847 केंद्रों पर किसानों के लिए टोकन जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. वहीं, 2030 केंद्रों में वास्तविक खरीदी का काम भी प्रारंभ हो गया है.
शाम 7 बजे तक दर्ज आंकड़ों के मुताबिक कुल 5,64,470 क्विंटल धान की खरीदी की गई. इसमें 3,26,110 क्विंटल मोटा धान, 2,16,482 क्विंटल पतला धान और 21,877 क्विंटल सरना धान शामिल है.
धान खरीदी में बालोद जिला सबसे आगे
जिलों के प्रदर्शन की बात करें तो शुरुआती दो दिनों में बालोद ने सबसे अधिक धान उपार्जन के साथ पहला स्थान हासिल किया है. यहां किसानों से 67,125.20 क्विंटल धान खरीदा गया. राजनांदगांव 64,095.60 क्विंटल के साथ दूसरे और महासमुंद 56,454 क्विंटल की खरीदी के साथ तीसरे स्थान पर रहा.
टोकन और खरीदी व्यवस्था पर सरकार का जोर
धान बेचने आने वाले किसानों की सुविधा के लिए उपार्जन केंद्रों पर टोकन आधारित व्यवस्था लागू की गई है. सरकार का उद्देश्य खरीदी प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाने के साथ किसानों को अनावश्यक इंतजार से बचाना और समर्थन मूल्य का लाभ उपलब्ध कराना है.
धरमजयगढ़ और सेन्द्री से शुरू हुआ खरीदी अभियान अब प्रदेश के अलग-अलग जिलों में गति पकड़ रहा है. शुरुआती आंकड़ों से साफ है कि धान उपार्जन केंद्रों पर किसानों की आवाजाही बढ़ रही है और आने वाले दिनों में खरीदी का आंकड़ा और बढ़ने की उम्मीद है.
Leave a Reply