इंस्टाग्राम विज्ञापन से जाल में फंसाया: रायपुर में मकान किराये व निवेश के नाम पर महिला से 28.55 लाख की ठगी
एआई इमेज।HighLights
- सिक्योरिटी डिपॉजिट के नाम पर ऐंठी रकम, 4.63 लाख रुपये का किराया भी बकाया
- भोपाल, गोवा और जयपुर समेत छह शहरों में नई संपत्तियां मिलने का दिया था झांसा
- फर्जी नाम से बातचीत करने का आरोप, बोरियाकला निवासी महिला की शिकायत पर मामला दर्ज
, रायपुर। राजधानी में मकान किराये पर लेकर उसे ऑनलाइन माध्यम से संचालित करने वाली कंपनी के नाम पर 28.55 लाख रुपये की ठगी की गई है। आरोप है कि ‘एवेना’ नामक कंपनी के संचालकों ने पहले महिला की संपत्ति किराये पर ली और नियमित किराया देकर विश्वास जीता। इसके बाद दूसरे शहरों में मकान किराये पर लेने के लिए उनके मालिकों को जमानत राशि (सिक्योरिटी डिपॉजिट) देने के नाम पर निवेश का प्रस्ताव दिया।
शुरुआत में निवेश पर लाभ देकर भरोसा बढ़ाया और फिर अलग-अलग किस्तों में 28.55 लाख रुपये बैंक खातों में जमा करा लिए। रकम वापस मांगने पर टालमटोल शुरू कर दी गई। मामले में ग्रीन विले सिटी, बोरियाकला निवासी ज्योति सोनी की शिकायत पर मुजगहन थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में तमिलनाडु के सीएम के नाम पर ठगी, लाखों का फायदा दिलाने का झांसा; WhatsApp पर भेजा QR Code
इंस्टाग्राम विज्ञापन से शुरू हुआ संपर्क
शिकायत के अनुसार, मार्च 2026 में इंस्टाग्राम पर ऋतिक अग्रवाल और अर्जुन अरोरा ‘एवेना’ नामक संपत्ति किराया कंपनी का विज्ञापन चला रहे थे। इसमें संपत्ति मालिकों से संपर्क कर उनकी संपत्ति किराये पर लेकर ऑनलाइन माध्यम से संचालित करने का प्रस्ताव दिया गया था। इसी माध्यम से महिला का संपर्क कंपनी के प्रतिनिधि अजय अग्रवाल से हुआ। उसने नियमित किराया देने का भरोसा दिलाया। शुरुआती दो महीने किराया समय पर मिलने के बाद महिला ने कंपनी पर विश्वास कर लिया।
यह भी पढ़ें- रायपुर में फर्जी जज-वकील बनकर ठगी, पुरानी दोस्त से 1,88,000 रुपये की धोखाधड़ी
जमानत राशि के नाम पर मांगा निवेश
इसके बाद कंपनी के प्रतिनिधियों ने बताया कि दूसरे शहरों में मकान किराये पर लेने के लिए उनके मालिकों को जमानत राशि देनी होती है। कंपनी यह राशि उपलब्ध कराती है और निवेश करने वालों को नियमित लाभ देती है। महिला ने आठ मई को 50 हजार, 11 मई को 4.50 लाख और 15 जून को पांच लाख रुपये बैंक के माध्यम से दिए। इस तरह शुरुआती निवेश 10 लाख रुपये हुआ। शिकायत के अनुसार, मई, जून और जुलाई में लाभ की रकम भी दी गई। वहीं, बाद में 4.63 लाख रुपये का किराया भी बकाया रख लिया गया।
छह शहरों में संपत्तियां मिलने का दिया झांसा
बाद में भोपाल, देहरादून, नासिक, भीमताल, गोवा और जयपुर में नई संपत्तियां मिलने की बात कहकर अतिरिक्त निवेश मांगा गया। कंपनी की ओर से लिखित समझौता और सुरक्षा चेक देने का भरोसा भी दिया गया। महिला ने अलग-अलग तारीखों में 18.55 लाख रुपये और जमा कर दिए। इस तरह आरोपियों ने कुल 28.55 लाख रुपये ठग लिए।
फर्जी नाम से बातचीत करने का आरोप
महिला का आरोप है कि उनसे अजय अग्रवाल के नाम से बातचीत करने वाला व्यक्ति वास्तव में कंपनी का निदेशक ऋतिक अग्रवाल है। इसी तरह आर्यन नाम से बातचीत करने वाला व्यक्ति अर्जुन अरोरा बताया गया है। जब महिला ने निवेश का लिखित समझौता और सुरक्षा चेक मांगा तो प्रतिनिधि टालमटोल करने लगे। जांच में उन्हें पता चला कि जिन संपत्तियों के मालिकों को जमानत राशि देने की बात कही गई थी, उन्हें रकम दी ही नहीं गई।
Leave a Reply